नई दिल्ली. एक मई से जहां रेल यात्रा के लिए रिजर्वेशन का नियम बदल गया है, वहीं दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अमूल दूध के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का झटका लगा है। हालांकि पेट्रोल तीन रुपया सस्ता हुआ है, लेकिन एक परेशानी की बात यह है कि अब इनकम टैक्स रिटर्न में अब पूरी संपत्ति का ब्योरा भी देना पड़ सकता है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय टैक्स चोरी रोकने के लिए इस तरह की व्यवस्था करने पर विचार कर रहा है। मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को बताया, ‘सरकार नया इनकम टैक्स रिटर्न फॉर्म लाने पर विचार कर रही है। इसमें लोगों को सालाना आमदनी के साथ ही पूरी संपत्ति, देनदारियों आदि के बारे जानकारी देनी होगी। इसी सप्ताह इस पर फैसला हो सकता है।’ उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था खास तौर पर हाईनेटवर्थ (जिनके पास 10 लाख रुपए से अधिक संपत्ति है) वाले लोगों को ध्यान में रखकर की जा रही है। ऐसे लोग संपत्ति कर से बचने के लिए उसका पूरा ब्योरा नहीं देते।पिछले साल सरकार ने उन लोगों के लिए इनकम टैक्स रिटर्न में संपत्ति का ब्यौरा देना अनिवार्य किया था जिनके पास विदेश में प्रॉपर्टी है। सरकार ने 2012-13 में करीब 1,244 करोड़ रुपए संपत्ति कर की वसूली का लक्ष्य रखा था। लेकिन कलेक्शन सिर्फ 866 करोड़ रुपए का ही हो पाया। इस साल (2013-14 के लिए) 950 करोड़ रुपए संपत्ति कर की वसूली का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं महिलाओं के लिए अच्छी खबर है कि भारतीय सेना में अब महिलाएं भी एडीसी (एडी-दे-कैंप) यानी वरिष्ठ अधिकारियों की असिस्टेंट बनेंगी। सेनाध्यक्ष बिक्रम सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अब तक देश में महिला अधिकारी की पोस्टिंग एडीसी के रूप में नहीं होती थी। सेना में 2.5 फीसदी महिलाएं हैं।