बीकानेर.राज्य के नव क्रमोन्नत माध्यमिक स्कूलों में 14 हजार 212 कर्मचारियों की नियुक्तियां होंगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने इन स्कूलों में पदों का आबंटन कर दिया है। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत वर्ष 2002 से 2011 तक उच्च प्राथमिक से माध्यमिक में क्रमोन्नत होने वाली स्कूलों में एक-एक एलडीसी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद दिए गए हैं। इन पदों की मंजूरी पिछले दिनों राज्य सरकार ने दी थी। मुख्य लेखाधिकारी बी.एल.सर्वा ने पद आबंटन के आदेश सभी संस्था प्रधानों को भिजवाए हैं। माध्यमिक स्कूलों में 7106 एलडीसी और इतने ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगाए जाएंगे। इनमें कुछ पदों पर आरपीएससी के तहत सीधी भर्ती की जाएगी। शिक्षा निदेशक ने प्रस्ताव भी आयोग को भेजे हैं। कुछ पद मृतक आश्रितों को अनुकंपा नियुक्तियां देकर तो कुछ पद तबादले व पदोन्नतियों से भरे जाएंगे।मुख्य लेखाधिकारी ने बताया कि स्कूलों को क्रमोन्नत करते समय पदों का आबंटन नहीं किया गया था। बाद में शिक्षकों के पद तो दे दिए गए लेकिन कर्मचारियों के पद स्वीकृत नहीं हो पाए थे। अब शीघ्र ही क्रमोन्नत माध्यमिक स्कूलों को कर्मचारी मिल जाएंगे।