स्कूलों के समय में हुआ परिवर्तन
फतेहाबाद : शिक्षा विभाग ने वर्ष 2012-13 के लिए वार्षिक शिक्षा पंचांग जारी कर सैकेंडरी में दो संकाय स्तरीय प्रणाली लागू कर दी है। राज्य में पहली बार विद्यार्थियों को विज्ञान संकाय या सामाजिक विज्ञान संकाय में से एक को चुनना होगा। पूर्व में कला, वाणिज्य व विज्ञान तीन संकाय थे जिन्हें अब दो कर दिया गया है। हालांकि कैलेंडर में दोनों संकाय में शामिल विषयों के बारे में अभी जानकारी जारी नहीं की गई है। कैलेंडर के अनुसार सीनियर सैकेंडरी को पांच बाह्य मूल्यांकन विषयों तथा आंतरिक मूल्यांकन विषय जनरल अवेयरनैस व लाईफ स्किल्स में अनिवार्य रुप से उत्तीर्ण होना होगा। शैक्षणिक सत्र सेमेस्टर आधारित ही रहेगा। प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाएं भी अब द्वितीय सैमेस्टर की तरह विवरणात्मक होंगी। छात्र को प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत अंक लेना इस बार भी आवश्यक होगा। मिडिल में सीसीई के अंतर्गत अब 30 के स्थान पर 60 अंक भेजे जाएंगे। जिनमें 15-15 अंक के दो यूनिट टैस्ट, 20 अंक का प्रोजैक्ट कार्य, 5 अंक उपस्थिति तथा 5 अंक विभिन्न क्रिया-कलापों में भाग लेने के लिए होंगे।नए कैलेंडर में शिक्षा विभाग में स्कूलों के समय में भी परिवर्तन कर दिया है।
पंचांग के अनुसार स्कूलों की समय अवधि 1 मार्च से 14 दिसम्बर 2012 तक प्रात 8 बजे से 2 बजकर 30 मिनट रखा गया है। जबकि 15 दिसम्बर से 28 फरवरी 2013 तक प्रात 9.15 से 3.45 निर्धारित किया गया है। पंचांग में शिक्षा विभाग की सारी सालाना गतिविधियों के बारे में विस्तार पूर्वक ब्यौरा दिया गया है। जिसमें दाखिले, विद्यालयों की दिनचर्या, राजपत्रित अवकाश, सेमेस्टर अवकाश, खेल गतिविधियों, प्रदर्शनियां व वार्षिक उत्सव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।http://in.jagran.yahoo.com/news/local/haryana/4_6_9111908.html