नई दिल्ली : नर्सरी दाखिले के लिए बस पांच दिन शेष रह गए हैं। पहली सूची एक फरवरी को आएगी, लिहाजा स्कूल प्रशासन प्वाइंट के गुणा-भाग में जुट गए हैं। जबकि कई स्कूलों में कैटेगरी के हिसाब से लॉटरी की तारीखों की सूची जारी कर दी गई है। वहीं इस साल ज्यादातर स्कूलों में प्वाइंट सिस्टम अपनाया गया है, लेकिन इसके बाद भी स्कूल प्रबंधन को लॉटरी का सहारा लेना पड़ रहा है। स्कूलों का कहना है कि एक सीट के लिए कहीं 30 से 35 तो कहीं 50 से 60 फॉर्म भरे गए हैं। अधिकतर बच्चों के प्वाइंट एक समान होने की स्थिति में लॉटरी करनी पड़ रही है। बाल भारती पब्लिक स्कूल द्वारका में सिबलिंग कैटेगरी के लिए ड्रॉ किया गया। वहीं एएसएन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, मयूर विहार में प्वाइंट समान होने की स्थिति में ड्रा का सहारा लिया गया। स्कूल के चेयरमैन केएल लूथरा ने बताया कि कई बच्चों के प्वाइंट बराबर होने पर लॉटरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि 300 बच्चों के लिए लॉटरी की गई। इनके 65-65 प्वाइंट बने थे। लॉटरी के समय अभिभावक, शिक्षा विभाग के अधिकारी को बुलाया गया था। लॉटरी की वीडियोग्राफी भी हुई। उन्होंने बताया कि दाखिले की पहली सूची एक फरवरी को जारी की जाएगी। डीएवी, मौसम विहार में जनरल कैटेगरी की 70 सीटों के लिए 800 से अधिक फॉर्म जमा हुए हैं। प्राचार्य वंदना कपूर ने बताया कि अब प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। काफी संख्या में बच्चों के 40-45 प्वाइंट बन रहे हैं।
ऐसी स्थिति में लॉटरी पर विचार किया जा रहा है। माउंट आबू पब्लिक स्कूल, रोहिणी की प्रिंसिपल ज्योति अरोड़ा ने बताया कि 75 सीट के लिए 12 सौ से अधिक फॉर्म भरे गए हैं। इस बार ऐसे बच्चों की संख्या अधिक है। जिनके प्वाइंट एक समान हो रहे हैं। ऐसी हालत में लॉटरी करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बच रहा है। हालांकि दाखिले के लिए सूची एक फरवरी को ही निकाली जाएगी।
http://in.jagran.yahoo.com/epaper/index.php?location=2&edition=2012-01-27&pageno=4#id=111731869671087664_2_2012-01-27